फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। क्षेत्र के सोहरा गांव में सोमवार तड़के आए आंधी-तूफान और तेज बारिश के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कच्चे मकान की छत पर लगी खपरैल अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे नीचे सो रहे पति-पत्नी बाल-बाल बच गए।
पीड़िता खातून बेगम पत्नी हामिद अली ने बताया कि सोमवार सुबह करीब चार बजे वे अपने पति के साथ कच्चे मकान में सो रही थीं। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, जिसके चलते वे घर में रखा सामान सुरक्षित स्थान पर रख रहे थे। तभी अचानक छत की खपरैल गिर पड़ी। गनीमत रही कि दोनों समय रहते हट गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
खपरैल गिरने से घर में रखा गेहूं, चावल, कपड़े, खाटिया समेत अन्य जरूरी सामान मलबे में दब गया। पीड़िता के अनुसार इस घटना में करीब 60 से 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि उनके छह बच्चे हैं और पति हामिद अली मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में यह नुकसान उनके लिए बड़ी समस्या बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के समाजसेवी इस्लाम हुसैन अंसारी, साकिर हुसैन अंसारी, वाजिद मास्टर, इस्माइल अंसारी, इमरान अंसारी, अफजाल अंसारी समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबा सामान बाहर निकलवाने के साथ ही आर्थिक मदद भी की।
सूचना पर हल्का लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली