फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान माँ सन्तोषी पब्लिक स्कूल, सहसा (मीरगंज) में वार्षिक परीक्षाफल (रिजल्ट कार्ड-2026) वितरण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे माहौल को भक्तिमय और प्रेरणादायक बना दिया।
विद्यालय में इस अवसर पर विद्यार्थियों और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली। हर वर्ष की भांति इस बार भी कक्षा 8 के सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र को विशेष पुरस्कार देने की परंपरा निभाई गई। हालांकि इस वर्ष यह गौरव एक छात्रा ने हासिल किया। कक्षा 8 की होनहार छात्रा अलफिजा पुत्री अवरार, निवासी सहसा ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया।
विद्यालय प्रबंधन ने छात्रा की उपलब्धि को प्रोत्साहित करते हुए परंपरा में सकारात्मक बदलाव करते हुए उसे “ऊषा सिलाई मशीन” उपहार स्वरूप प्रदान की। इस सराहनीय पहल की सभी ने खुले दिल से प्रशंसा की। विद्यालय परिवार ने अलफिजा को उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया।
इसके साथ ही विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त करते हुए शिक्षकों ने उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
इस गरिमामय अवसर पर प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार मिश्रा, सहायक अध्यापक ऋषिपाल सिंह, भूपेन्द्र गंगवार, गीता रानी, आंचल सक्सेना, प्रिया मौर्य, विपाशा सक्सेना, पूनम शर्मा एवं विद्यालय के प्रबंधक सन्तोष कुमार सक्सेना उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद गौरव सक्सेना तथा जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी विशाल गंगवार ने भी शिरकत की।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
प्रवन पाण्डेय जिला संवाददाता, बरेली