राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज कटनी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया विधिवत शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी अब ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
कॉलेज के प्राचार्य नरेन्द्र बड़खेडकर ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रथम चरण के अंतर्गत ऑनलाइन पंजीयन 4 मई 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जो 29 मई 2026 की रात्रि 11:45 बजे तक चलेगा। पंजीयन के पश्चात अभ्यर्थियों को त्रुटि सुधार का अवसर 30 मई से 31 मई 2026 शाम 5:30 बजे तक प्रदान किया जाएगा।
कॉलेज में सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग जैसे प्रमुख डिप्लोमा पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं, जिनमें विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। च्वाइस फिलिंग की प्रक्रिया 15 मई से 2 जून 2026 तक चलेगी, जिसमें छात्र अपनी पसंद के संस्थान और ब्रांच का चयन करेंगे।
प्रवेश प्रक्रिया के तहत 3 जून 2026 को कॉमन मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद प्रथम चरण में चयनित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन एवं प्रवेश 8 जून से 13 जून 2026 तक संबंधित संस्थानों में संपन्न होगा।
वहीं, द्वितीय चरण की प्रक्रिया 9 जून 2026 से प्रारंभ होगी, जिससे वे अभ्यर्थी भी शामिल हो सकेंगे जो पहले चरण में आवेदन या चयन से वंचित रह गए हैं।
कॉलेज प्रबंधन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करें, ताकि प्रवेश में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी ऑनलाइन पोर्टल या संबंधित संस्थान से संपर्क कर सकते हैं।