कटनी। जिले की कैमोर पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए मानवता की मिसाल पेश की है। डायल 112 की टीम ने समय रहते अचेत अवस्था में पड़ी एक युवती को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
घटना सोमवार शाम करीब साढ़े 7 बजे की है, जब डायल 112 की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान आरक्षक विनोद गायकवाड़ की नजर कैमोर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ी एक युवती पर पड़ी। तत्काल स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने चालक राजकुमार उर्मलिया के साथ मिलकर मदद के प्रयास शुरू किए।
युवती की पहचान सीमा कोल के रूप में हुई, जो काफी देर से बेहोश अवस्था में पड़ी थी और आसपास कोई सहायता के लिए मौजूद नहीं था। पुलिस टीम ने बिना देर किए युवती के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया और उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए विजयराघवगढ़ अस्पताल रेफर कर दिया।
हालांकि एम्बुलेंस उपलब्ध न होने और करीब 3 घंटे की देरी की जानकारी मिलने पर स्थिति चिंताजनक हो गई। ऐसे में आरक्षक विनोद गायकवाड़ ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर मानवता का परिचय देते हुए डायल 112 वाहन से ही युवती को विजयराघवगढ़ अस्पताल पहुंचाने का निर्णय लिया।
बताया जा रहा है कि युवती करीब 2 घंटे से बस स्टैंड के पास अचेत पड़ी थी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई।
इस सराहनीय कार्य के लिए स्थानीय नागरिकों ने पुलिस टीम की जमकर प्रशंसा की है।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट