राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। थाना रंगनाथनगर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में शराब और वाहन सहित गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 192/2026 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी सौरभ चौधरी (22 वर्ष), निवासी फॉरेस्टर वार्ड झर्राटिकुरिया, को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से करीब 54 लीटर अवैध शराब (कीमत लगभग 30 हजार रुपये) एवं बिना नंबर की सफेद वैगनआर कार (कीमत लगभग 1 लाख रुपये) जब्त की गई है।
घटना 21 मार्च 2026 की है, जब पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ओएफके ग्राउंड के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में अवैध शराब लेकर वाहन में मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक की बोरियों व वाहन की डिग्गी से बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र दुबे, लालजी यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।