(अनिल कुमार ओझा/ITN news)
उरई(जालौन):
जिसमें सात लोगों की मौत हो गयी। झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) पर कालपी कोतवाली क्षेत्र के 84 गुंबद के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में टवेरा कार ने पीछे से ट्रक को जोरदार टक्कर मारी । हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने बिना देरी किए सभी घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई पहुंचाया, जहां उनके इलाज की समुचित व्यवस्था कराई गई।
जिलाधिकारी ने स्वयं चिकित्सा व्यवस्थाओं की निगरानी करते हुए मेडिकल कॉलेज में रहकर घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया और चिकित्सकों को आवश्यक निर्देश दिए। गंभीर स्थिति को देखते हुए चार घायलों को बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया। इस प्रकार इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। बताया गया कि सभी यात्री अयोध्या से लौट रहे थे और ललितपुर जनपद के महरौनी थाना क्षेत्र के प्रहलाद मोहल्ले के निवासी थे। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।