फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना क्षेत्र में दबंगई और जानलेवा हमले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव भोलापुर निवासी राम प्रवेश ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही एक युवक ने पहले कार से कुचलने की कोशिश की, और जब वह बच गया तो लोहे की रॉड लेकर उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, 6 मई 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल से फतेहगंज से गांव लौट रहा था। इसी दौरान गांव के पास पहुंचने पर आरोपी अमित (पुत्र भजन लाल) अपनी कार से सामने आया और जानबूझकर मोटरसाइकिल में टक्कर मारने का प्रयास किया। किसी तरह संतुलन बनाकर राम प्रवेश ने खुद को बचाया, लेकिन इसके बाद आरोपी कार से उतरकर हाथ में लोहे की रॉड लेकर गाली-गलौज करते हुए हमला करने लगा।
पीड़ित ने बताया कि वह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा, लेकिन आरोपी ने धमकी दी कि अगली बार सामने आने पर उसे गाड़ी से उड़ा देगा। राम प्रवेश का यह भी कहना है कि आरोपी पहले भी उसके परिवार पर फायरिंग कर चुका है, जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है।
घटना के बाद पीड़ित और उसका परिवार भय के साए में जी रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली