फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। थाना क्षेत्र के गांव अगरास में पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दिल्ली में मजदूरी कर रहे एक युवक ने गांव के ही चार सगे भाइयों पर उसके मकान पर कब्जा कर निर्माण कराने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित सुनील के अनुसार, गांव में उसकी करीब 100 गज जमीन पर बना पैतृक मकान है, जिस पर गांव के ही चार भाइयों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया और निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर वह परिवार सहित गांव पहुंचा और विरोध किया, लेकिन आरोप है कि दबंगों ने उसके साथ हाथापाई की और जान से मारने की धमकी दी।
किसी तरह मौके से निकलकर पीड़ित ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया, जिससे कुछ देर के लिए हालात काबू में आ गए। हालांकि आरोप है कि पुलिस के जाते ही आरोपी फिर से पीड़ित पर हावी हो गए और गाली-गलौज करते हुए दबाव बनाने लगे।
घटना के बाद पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, गांव में इस घटना को लेकर तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली