राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को पकड़ने में कोतवाली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने करीब 2 लाख 96 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को उत्तराखण्ड से गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को फरियादी आशीष गौतम (37) निवासी मोतीबाग, माई नदी के पास, थाना कोतवाली कटनी ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका खाता पंजाब नेशनल बैंक शहडोल शाखा में है, जो मोबाइल नंबर के जरिए फोन-पे से जुड़ा हुआ है। खाते में बहन की शादी के लिए रखे लगभग 3 लाख रुपये अज्ञात व्यक्ति द्वारा अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए गए।
मामले में थाना कोतवाली कटनी में अपराध क्रमांक 269/26 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंक ट्रांजेक्शन की पड़ताल की, जिसमें अलग-अलग खातों में 2 लाख 96 हजार रुपये ट्रांसफर होना पाया गया।
सायबर सेल की मदद से खाताधारकों की जानकारी जुटाई गई, जो विभिन्न राज्यों में संचालित पाए गए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दिल्ली और उत्तराखण्ड में दबिश दी। इस दौरान मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह (32) निवासी ग्राम कुशालपुर, जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखण्ड) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कटनी लाकर न्यायालय में पेश किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इनकी रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, उपनिरीक्षक किशोर कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक नवीन नामदेव, आरक्षक उमाकांत तिवारी, लोकेन्द्र सिंह तथा साइबर सेल के सतेन्द्र सिंह, चंदन प्रजापति और अमित श्रीपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।