राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के कलेक्टर आशीष तिवारी ने गुरुवार को कैमोर प्रवास के दौरान नगर परिषद द्वारा किए जा रहे स्वच्छता एवं विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर में की गई तैयारियों का जायजा लिया और परिषद टीम के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते सहित पूरी परिषद टीम की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कैमोर को स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान दिलाने के लिए निरंतर बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
नगर भ्रमण के दौरान मार्गों पर किए गए आकर्षक सौंदर्यीकरण, भित्ति चित्रकारी एवं विकसित किए गए आर.आर.आर. पार्क की संरचनाओं को देखकर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया। इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर एवं उपाध्यक्ष संतोष केवट के साथ टीमवर्क की भी सराहना की।
ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट बना आकर्षण का केंद्र
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर में स्थापित ग्रे वॉटर ट्रीटमेंट फैसिलिटी का भी अवलोकन किया। अधिकारियों ने बताया कि नालियों के पानी को ट्रीट कर उसका उपयोग पार्कों की सिंचाई एवं फाउंटेन संचालन में किया जा रहा है। कलेक्टर ने इसे जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
इस दौरान सहायक कलेक्टर श्लोक वायकर, जनपद सीईओ ब्रतेश जैन, एसडीएम विवेक गुप्ता, तहसीलदार मनीष शुक्ला, थाना प्रभारी आशीष शर्मा, पार्षद श्रीमती ऋचा मनीष नवैत, स्वच्छता नोडल अधिकारी पी.आर. सिंह सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।।