राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को तहसील न्यायालय ढीमरखेड़ा से एक विशेष प्रचार रथ को रवाना किया गया। यह पहल म.प्र. विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
प्रचार रथ को न्यायाधीश पूर्वी तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर नागरिकों को लोक अदालत की उपयोगिता और उसके माध्यम से होने वाले त्वरित एवं सरल न्याय के बारे में जागरूक करेगा।
रथ के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि लोक अदालत में आपसी सहमति से वर्षों पुराने लंबित मामलों का शीघ्र और सुलहपूर्ण निराकरण संभव है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
इस अवसर पर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश पयासी, अटल बिहारी बाजपेयी एवं नायब नाजिर शक्ति संजय सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।