सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। क्रिटिकल गैप्स योजनान्तर्गत सीमा क्षेत्र में स्थापित 23 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों का उद्घाटन शुक्रवार को जिलाधिकारी द्वारा ककरहवा चेक पोस्ट पर किया गया। इस पहल का उद्देश्य सीमा पर होने वाली गतिविधियों की प्रभावी निगरानी कर तस्करी, अवैध घुसपैठ और सीमा-पार अपराधों पर अंकुश लगाना है।
जानकारी के अनुसार, ये सभी कैमरे सीमा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील तिराहों और आवागमन वाले महत्वपूर्ण प्वाइंट्स पर लगाए गए हैं। कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। इसके लिए विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है, जहां से लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
प्रशासन का मानना है कि इस आधुनिक निगरानी व्यवस्था से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध गतिविधियों और संदिग्ध आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को त्वरित रिस्पांस देने में भी सहायता मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी सदर श्री विश्वजीत सौरयान, थानाध्यक्ष मोहाना श्री जितेन्द्र सिंह, 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल सिद्धार्थनगर के कमांडेंट श्री उज्जवल दत्ता, एसी एसएसबी ककरहवा श्री कैलाश दान, सीमा शुल्क निरीक्षक श्री संजीव कुमार तथा चौकी इंचार्ज ककरहवा एसआई श्री प्रदीप सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा नेपाल एपीएफ, एसएसबी एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सीमा सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराधों की रोकथाम अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
ITN NATIONAL