सिद्धार्थनगर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया है। अभियान के दौरान विभिन्न प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील मार्गों पर वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी यातायात श्री सुजीत कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण नशे की हालत में वाहन चलाना है। ऐसे वाहन चालक न केवल अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जा रहे हैं, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस टीम लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और मोबाइल फोन का प्रयोग न करते हुए वाहन चलाने की अपील कर रही है।
क्षेत्राधिकारी यातायात ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि लोग नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में काफी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने आमजन से अपील की कि शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
पुलिस प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर
ITN NATIONAL