राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्त प्रहार करते हुए कटनी पुलिस ने “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत व्यापक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया के मार्गदर्शन में पूरे जिले में एक साथ छापेमार कार्रवाई की गई।
इस अभियान के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त 105 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत 105 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 356 लीटर अवैध देशी शराब, 58.5 लीटर अंग्रेजी शराब और 56 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 88 हजार 900 रुपये बताई गई है।
पुलिस की यह कार्रवाई जिले में नशे के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से की जा रही है। सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी और उनकी टीमों ने समन्वय के साथ पूरे जिले में एक साथ दबिश दी, जिससे बड़ी संख्या में अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसा गया।
कटनी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब के निर्माण या बिक्री की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 7587615946 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।