शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली सूअर अचानक घर में घुस आया और सास-बहू पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनबरसा निवासी सावित्री देवी (55 वर्ष) पत्नी अमेरिका गुप्ता रविवार सुबह करीब पांच बजे अपने घर का दरवाजा खोल रही थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली सूअर तेजी से घर के अंदर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। सूअर के हमले से सावित्री देवी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ीं।
सास की चीख-पुकार सुनकर बहू इंद्रावती देवी (30 वर्ष) पत्नी राजेंद्र गुप्ता उन्हें बचाने के लिए आगे बढ़ीं, लेकिन जंगली सूअर ने उन पर भी हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों महिलाएं लहूलुहान हो गईं। घर में मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद जंगली सूअर को वहां से भगाया।
घटना के बाद परिवार और गांव के लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में दोनों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि महिलाओं के शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।
घटना से नाराज ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने जंगली सूअर को घेर लिया और मार डाला। हालांकि, सूअर को मारने की सूचना फिलहाल ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के हवाले से सामने आई है।
जब संवाददाता माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो दोनों घायल महिलाओं का इलाज जारी था। वहीं मामले में स्थानीय थाना पुलिस से जानकारी लेने पर बताया गया कि शुरुआती तौर पर घटना की सूचना पुलिस को नहीं मिली थी। बाद में ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने यह भी बताया कि ग्रामीणों द्वारा जंगली जानवर को मार दिए जाने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।