शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर।
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने फसादीपुर बॉर्डर के पास एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में सफेद धातु के आभूषण तथा एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी बरामद की है। बरामद सामान को अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर जिले में अपराध एवं तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में थाना मोहाना पुलिस, एसएसबी और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को फसादीपुर बॉर्डर स्थित पिलर संख्या 543/1 के पास आम के बागीचे में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर घेराबंदी कर जांच अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 6 जोड़ी कान की बाली, 14 जोड़ी टप्स, 11 जोड़ी पायल, 38 गले के चंद्रमा समेत सफेद धातु के विभिन्न आभूषण बरामद हुए। साथ ही एक इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी भी जब्त की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दुर्गा प्रसाद गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता निवासी ग्राम दूल्हा सुमाली टोला सलसलवा थाना मोहाना जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई।
पुलिस ने बताया कि बरामद सामान को कस्टम अधिनियम की धारा-110 के तहत कब्जे में लेकर कस्टम कार्यालय ककरहवा भेज दिया गया है। कार्रवाई में कस्टम निरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार, एसएसबी के एसआई जीडी रामकुमार, एसआई गुलाब सिंह भाटी, एएसआई रविकांत यादव तथा कांस्टेबल रामू यादव शामिल रहे।