राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर में सुगम एवं बाधारहित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सोमवार को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। निगम के अतिक्रमण अमले ने स्टेशन रोड मुख्य मार्ग, बरगवां मार्ग सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए।
अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कई स्थानों पर सड़कें संकरी हो गई थीं, जिससे जाम की स्थिति बन रही थी और आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड के आवागमन में भी परेशानी उत्पन्न हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम प्रशासन ने अभियान चलाकर सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और नालियों पर किए गए अस्थायी एवं स्थायी अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से रखी गई लगभग दो कैम्पर दुकान सामग्री, ठेले, बोर्ड एवं होर्डिंग जब्त कर निगम कार्यालय लाए गए। साथ ही संबंधित दुकानदारों और अतिक्रमणकर्ताओं को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
अतिक्रमण प्रभारी ने कहा कि निगम की यह कार्रवाई किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि शहरवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, यातायात सुचारु होगा तथा लोगों के समय और ईंधन की भी बचत होगी।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अतिक्रमण के विरुद्ध नियमित मॉनिटरिंग जारी रहेगी। पुनः अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध अर्थदंड सहित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे स्वेच्छा से सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखें और शहर के सुव्यवस्थित विकास में सहभागी बनें।