राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी (मध्य प्रदेश)।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जनरलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा पत्रकारों के सम्मान में एक विशेष पहल शुरू की गई है। संगठन ने घोषणा की है कि आगामी 30 मई 2026 को देशभर के पत्रकारों को डिजिटल सम्मान पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस संबंध में संगठन द्वारा जारी पोस्टर में जानकारी साझा की गई है।
संगठन का कहना है कि यह पहल उन पत्रकारों के सम्मान और मनोबल को बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है, जो लगातार समाज और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। परिषद का उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मान को और अधिक मजबूत बनाना है।
संगठन ने अपने संदेश में कहा है कि पत्रकार केवल समाचार प्रसारित करने का कार्य नहीं करते, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती और समाज की सच्चाई को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी सोच के साथ पत्रकारों की सुरक्षा, सहयोग और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान शुरू किया गया है।
जनरलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया ने देशभर के पत्रकारों से इस मुहिम से जुड़ने और हिंदी पत्रकारिता को और अधिक सशक्त बनाने की अपील भी की है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सम्मान केवल एक डिजिटल प्रमाण पत्र नहीं, बल्कि पत्रकारों के संघर्ष, समर्पण और सामाजिक योगदान का सम्मान है।
उन्होंने कहा, “आपकी कलम समाज की आवाज है और हमारा सम्मान हमेशा पत्रकारों के साथ है।”
संगठन लंबे समय से पत्रकारों की समस्याओं और अधिकारों को लेकर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है तथा पत्रकार हितों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। माना जा रहा है कि यह डिजिटल सम्मान कार्यक्रम पत्रकारिता जगत में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक पहल साबित होगा।