राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जनसुनवाई में मंगलवार को उस समय भावुक माहौल बन गया, जब ग्राम चरगवा, थाना स्लीमनाबाद के स्कूली बच्चे अपने अभिभावकों और ग्रामीणों के साथ अतिरिक्त कलेक्टर के समक्ष पहुंचे। बच्चों ने शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए अपने खाली स्कूल बैग प्रशासन को सौंप दिए और मासूम आवाज़ में पूछा — “सर, हमें हमारा स्कूल कब मिलेगा?”
ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम चरगवा क्षेत्र का बड़ा और महत्वपूर्ण गांव है, जिससे पाली, पुरा, पहरुआ, सल्हना सहित कई गांव जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद गांव में केवल माध्यमिक स्तर तक ही शिक्षा की सुविधा उपलब्ध है। हाई स्कूल नहीं होने के कारण कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों को करीब 8 किलोमीटर दूर घुघर, देवरी और कोडियां जाना पड़ता है।
ग्रामीणों के अनुसार परिवहन सुविधा के अभाव, आर्थिक परेशानियों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते सबसे अधिक बालिकाओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई छात्र-छात्राएं दूरी और संसाधनों की कमी के कारण बीच में ही शिक्षा छोड़ने को मजबूर हैं।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने मांग की कि ग्राम चरगवा में तत्काल शासकीय हाई स्कूल स्वीकृत किया जाए और आगामी शैक्षणिक सत्र से कक्षा 9वीं एवं 10वीं की पढ़ाई शुरू कराई जाए। साथ ही विद्यालय भवन, शिक्षकों की नियुक्ति, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई।
ग्रामीणों ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का संवैधानिक अधिकार है और शासन को ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
जनसुनवाई में बच्चों के खाली बैग और उनके मासूम सवाल ने उपस्थित अधिकारियों और लोगों को भावुक कर दिया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि शासन-प्रशासन इस जनहितकारी मांग पर संवेदनशीलता के साथ जल्द कार्रवाई करेगा, ताकि क्षेत्र के हजारों बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।