राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर पालिक निगम कटनी पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। शहर में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए निगम प्रशासन ने मानसून पूर्व तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने शहर के विभिन्न संभावित जलभराव क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने जयप्रकाश वार्ड, जगमोहन दास वार्ड एवं रघुनाथ गंज वार्ड अंतर्गत आने वाले प्रमुख नालों और जल निकासी स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहीद द्वार मोहन मेडिकल के पास स्थित नाला, गांधीगंज का बड़ा नाला, आदर्श कॉलोनी स्थित धर्मलोक हॉस्पिटल के समीप का नाला, गिरिजा घाट नाला, आधारकाप क्षेत्र में कटनी पब्लिक स्कूल के पास का नाला तथा संतनगर नाला सहित अन्य स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नालों में जमा सिल्ट, कचरा और जल प्रवाह में रुकावट बनने वाले अवरोधों को चिन्हित करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नालों और नालियों की नियमित सफाई केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि इसे सतत प्रक्रिया के रूप में संचालित किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो।
निगमायुक्त ने विशेष रूप से पुराने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों की नियमित मॉनिटरिंग करने, नालों से निकाली गई गाद और अपशिष्ट का शीघ्र उठाव सुनिश्चित करने तथा जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य शाखा एवं लोक निर्माण शाखा को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी ढंग से कार्य करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण शाखा के कार्यपालन यंत्री आसित खरे, सहायक यंत्री सुनील सिंह, अनिल जायसवाल, क्षेत्रीय उपयंत्री जे.पी. सिंह बघेल सहित स्वास्थ्य शाखा के अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा मानसून पूर्व शहर को जलभराव मुक्त रखने के उद्देश्य से लगातार नाला-नाली सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही मैदानी निरीक्षण और सफाई कार्यों की मॉनिटरिंग भी लगातार की जा रही है, ताकि वर्षाकाल में नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।