उरई(जालौन):
संत निरंकारी मिशन द्वारा आज दिनांक 13 मई को जनपद जालौन के उरई स्थित निरंकारी सत्संग भवन में सद्गुरु बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की पावन स्मृति में “समर्पण दिवस” श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भव्य सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं एवं महापुरुषों ने सहभागिता कर सत्संग का आनंद प्राप्त किया। संत निरंकारी मिशन में प्रत्येक वर्ष 13 मई को “समर्पण दिवस” के रूप में मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 2016 में युगद्रष्टा बाबा हरदेव सिंह जी महाराज परमात्मा में लीन हुए थे। उन्होंने अपने जीवन के लगभग 36 वर्ष मानवता, प्रेम, भाईचारे, शांति एवं सेवा के संदेश को समर्पित किए। उनके द्वारा दिए गए उपदेश आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। सत्संग के दौरान संतों एवं वक्ताओं ने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी महाराज का संपूर्ण जीवन मानव कल्याण और विश्व बंधुत्व के लिए समर्पित रहा।उन्होंने सदैव जाति, धर्म और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानव मात्र को एकता एवं प्रेम का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि “समर्पण से बड़ी कोई भक्ति नहीं और मानवता से बड़ी कोई शक्ति नहीं।” कार्यक्रम में जालौन जिले के विभिन्न क्षेत्रों — कोंच, कालपी, जालौन, उरई, कुठौंद सहित दूर-दराज से आई संगत का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर जालौन संगत मुखी श्री कृष्ण गोपाल चौरसिया (दादा) जी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मानवता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हुए कहा कि समाज में भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम में पूर्व जोनल इंचार्ज माता कामता जी, कमल जी, सी.पी. राजपूत जी, रेखा जी, अरुण जी (कुठौंद), संगीतकार आदर्श जी सहित अनेक महात्मा एवं सेवादार उपस्थित रहे। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख ITN news)