राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने एवं आगामी मानसून को देखते हुए जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन ने बुधवार को सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खोवा मंडी क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की कार्रवाई से क्षेत्र में सड़क और नालियों पर किए गए स्थायी एवं अस्थायी कब्जों को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित किया गया।
निगम की अतिक्रमण टीम ने अभियान के दौरान सड़क और नालियों के ऊपर बने अनाधिकृत प्लेटफॉर्म, दीवारें, पट्टियां, टीन शेड, तरपाल सहित अन्य अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान लगभग 9 दुकानों के सामने से कब्जे हटाकर आमजन के लिए आवागमन सुगम बनाया गया।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है, वहीं बरसात के समय जल निकासी अवरुद्ध होने से जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के चिन्हित क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्रवाई से पूर्व संबंधित दुकानदारों को चार दिन पहले नोटिस देकर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित समय बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर निगम अमले ने नियमानुसार कार्रवाई की।
नगर निगम ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्ग, नालियों एवं शासकीय भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और जलभराव मुक्त बनाने में सहयोग करें। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।