राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर में जलभराव की समस्या से निपटने और नागरिकों को राहत देने के उद्देश्य से मंगलवार को नगर निगम आयुक्त तपस्या परिहार की अध्यक्षता में एमआईसी सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं जल प्रदाय शाखा के अधिकारियों के साथ मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पिछले वर्षों में जल-जमाव के कारण शहरवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। यातायात बाधित हुआ, व्यापार प्रभावित हुआ और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आईं। इस बार ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख नालों और नालियों की व्यापक सफाई अभियान चलाने, अवरुद्ध एवं क्षतिग्रस्त ड्रेनेज सिस्टम की तत्काल मरम्मत करने तथा जहां जरूरत हो वहां नई नालियों के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया। लोक निर्माण शाखा को संवेदनशील क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम ने जलभराव वाले संभावित क्षेत्रों की पहचान कर “जीरो टॉलरेंस” रणनीति अपनाने का फैसला लिया है। इसके तहत जल निकासी में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाया जाएगा तथा संवेदनशील इलाकों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
निगमायुक्त ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नालियों और नालों में कचरा न डालें तथा जल निकासी मार्गों पर अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि जल निकासी या सफाई से जुड़ी किसी भी समस्या की सूचना नगर निगम कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 14420 पर दी जा सकती है, ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में लोक निर्माण शाखा के कार्यपालन यंत्री आसित खार, जल प्रदाय शाखा के कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, सहायक यंत्री सुनील सिंह, आदेश जैन, संजय मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, मृदुल श्रीवास्तव सहित स्वास्थ्य शाखा के अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।