राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
माधवनगर थाना क्षेत्र के झिंझरी चौकी अंतर्गत बिलहरी रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शारदा फैक्ट्री के सामने तेज रफ्तार कार ने कॉलेज जा रही छात्राओं से भरे ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया और उसमें सवार छात्राएं चीख-पुकार के बीच सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे बिलहरी में पदस्थ पटवारी सचिन श्रीवास्तव ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया। उन्होंने बिना समय गंवाए डायल-112 और एम्बुलेंस को सूचना दी, वहीं गंभीर स्थिति को देखते हुए अपनी निजी बुलेरो वाहन से सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। समय पर अस्पताल पहुंचने से घायलों को तत्काल उपचार मिल सका।
जानकारी के मुताबिक ई-रिक्शा में सवार छात्राएं गर्ल्स कॉलेज जा रही थीं। हादसे में ई-रिक्शा चालक दिनेश यादव निवासी पुरैनी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं छात्राएं माया चौधरी और मुस्कान पटेल निवासी झुकेही, कुमकुम रजक और खुशी विश्वकर्मा निवासी जोबीकला, सीमा यादव निवासी चन्हटा, साधना लोधी और अंजनी लोधी निवासी पिपरिया को भी चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। झिंझरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से बिलहरी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और ई-रिक्शा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग की है।