राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
तमिलनाडु के डीएमके नेता एवं विधायक Udhayanidhi Stalin द्वारा सनातन धर्म को लेकर दिए गए कथित बयान के विरोध में कटनी में आक्रोश देखने को मिला। विधायक Sanjay Pathak के नेतृत्व में नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजू शर्मा सहित हिंदू समाज के लोगों ने पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि 12 मई को दिए गए बयान में उदयनिधि स्टालिन ने एक बार फिर सनातन धर्म को समाप्त करने की बात कही, जो करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला, भड़काऊ एवं असंवैधानिक है। विरोध जताते हुए यह भी उल्लेख किया गया कि इससे पहले सितंबर 2023 में भी उन्होंने सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों से की थी।
विधायक संजय पाठक ने कहा कि सनातन धर्म भारत की प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और आध्यात्मिक परंपरा का आधार है। ऐसे में किसी जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य और घृणा फैलाने का काम करते हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत धार्मिक भावनाएं आहत करने, विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने और सामाजिक शांति भंग करने के आरोप में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, ब्राह्मण समाज अध्यक्ष राजू शर्मा, पार्षद सुमित्रा रावत, शशिकांत तिवारी, प्रभा गुप्ता, अलका पांडे, शानू तिवारी, प्रेमलाल, हेमंत चक्रवर्ती सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।