राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले की पुलिस व्यवस्था को आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने की दिशा में कटनी पुलिस लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। प्रस्तावित आईएसओ निरीक्षण को ध्यान में रखते हुए थानों में रंगरोगन, साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
कटनी पुलिस द्वारा जन पुलिसिंग की अवधारणा को मजबूत करते हुए थानों की केवल बाहरी साज-सज्जा ही नहीं, बल्कि उनकी कार्यप्रणाली को भी गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। थाना परिसरों को नागरिक-अनुकूल बनाया जा रहा है, वहीं शिकायतों के त्वरित निराकरण, पारदर्शी कार्यप्रणाली एवं न्यायिक प्रक्रिया को सुदृढ़ करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
आईएसओ प्रमाणित पुलिस स्टेशन का उद्देश्य ऐसे थानों का निर्माण करना है, जो अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता प्रबंधन मानकों पर खरे उतरें। इसके अंतर्गत जांच प्रक्रिया, रिकॉर्ड प्रबंधन, शिकायत निवारण, नागरिक सेवाएं एवं पुलिस कर्मियों की व्यवहार कुशलता जैसे विभिन्न मापदंडों को बेहतर बनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रशासनिक प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण एवं मानकीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
इसी तैयारी के तहत पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को थाना एनकेजे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर में चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्वयं साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने में सहभागिता निभाई। इस पहल से थाना स्टाफ में उत्साह और जिम्मेदारी की भावना और अधिक मजबूत हुई।
कटनी पुलिस का यह प्रयास न केवल थानों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने, पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने एवं पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल साबित हो रहा है।
निरीक्षण के दौरान उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा, थाना प्रभारी एनकेजे रूपेन्द्र राजपूत सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।