शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के विकास खंड लोटन के ग्राम पंचायत देवपुर मस्जिदिया में शुक्रवार को “गांव की समस्या, गांव में समाधान” चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने की। चौपाल में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ली और पूछा कि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी को वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन या दिव्यांग पेंशन नहीं मिल रही है, तो तत्काल प्रशासन को जानकारी दें, ताकि समस्या का समाधान कराया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गोदभराई कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। किसानों को संबोधित करते हुए उन्होंने फसल बीमा योजना का लाभ लेने की सलाह दी और कहा कि सभी किसान अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रही है।
चौपाल में ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। लोगों ने बिजली विभाग के जेई पर फोन न उठाने का आरोप लगाया। वहीं वसीर मोहम्मद ने आपूर्ति विभाग की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से की। ग्राम प्रधान गुड्डू ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन के अधीक्षक डॉ. अमित चौधरी के लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात रहने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान तोड़ी गई गांव की सड़कों को अब तक ठीक न किए जाने पर नाराजगी जताई और शीघ्र मरम्मत की मांग की।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी सर्वेश मोहन, जिला विकास अधिकारी राजमणि वर्मा, सहायक विकास अधिकारी सदानंद वर्मा, ग्राम प्रधान रचना श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।