बरेली
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए 12-13 मई को आई भीषण आंधी-तूफान से प्रभावित परिवारों को 24 घंटे के भीतर राहत राशि उनके खातों में पहुंचा दी। मंत्री जे.पी.एस. राठौर की अध्यक्षता में आंवला तहसील सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पीड़ितों को आर्थिक मदद वितरित की गई। कार्यक्रम में जनहानि के दो मामलों में मृतक बच्चियों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये की सहायता दी गई। हर्रामपुर गांव की 12 वर्षीय देवकी और बेहटा जूनो गांव की 6 वर्षीय लीपी के परिजनों को यह राशि सौंपी गई। मकान क्षति से प्रभावित 30 पीड़ितों को कुल 1.62 लाख रुपये और पशुहानि से प्रभावित 9 परिवारों को भी सहायता राशि दी गई। मंत्री ने ग्राम डरूआपुर में अग्निकांड से गेहूं की फसल गंवाने वाले 10 किसानों को मुख्यमंत्री खेत-खलिहान एवं दुर्घटना सहायता योजना के तहत 2.29 लाख रुपये सौंपे। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत कई किसानों और उनके परिजनों को 5-5 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी गई। दिव्यांग लाभार्थी पवन कुमार को 2.50 लाख रुपये की सहायता मिली।
मंत्री जे.पी.एस. राठौर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य आपदा में पीड़ितों को तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से लागू मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जनपद में अब तक 1496 किसानों को 72 करोड़ 47 लाख 80 हजार रुपये की सहायता दी जा चुकी है। पिछले वित्तीय वर्ष में 244 लाभार्थियों को 10 करोड़ 80 लाख 40 हजार रुपये वितरित किए गए, जिनमें 196 महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम में डीएम अविनाश सिंह, राघवेंद्र शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रमोद शर्मा ब्यूरो बरेली