कैंथल (पुष्पा रानी)
सिनेमा जगत के जाने-माने हस्ताक्षर, प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक एवं निर्माता हरिओम कौशिक को भारत सरकार द्वारा एक बार फिर केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सेंसर बोर्ड) का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनका यह कार्यकाल आगामी 3 वर्षों के लिए होगा। गौरतलब है कि हरिओम कौशिक इससे पहले भी 2 वर्षों तक सेंसर बोर्ड के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं बखूबी निभा चुके हैं, जिसे देखते हुए उन्हें दोबारा यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मूल रूप से महेंद्रगढ़ जिले के गांव जाट से ताल्लुक रखने वाले हरिओम कौशिक वर्तमान में रोहतक स्थित पंडित लखमी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (सुपवा) में एडवाइजर (सलाहकार) के तौर पर भी कार्यरत हैं। फिल्म निर्माण और निर्देशन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और कला के प्रति समर्पण को देखते हुए इस नियुक्ति को सिनेमाई मानकों और क्षेत्रीय कला को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अपनी इस नियुक्ति पर हरिओम कौशिक ने शीर्ष नेतृत्व और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे फिल्म जगत की गरिमा बनाए रखने और समाज को प्रेरित करने वाले सिनेमा को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।