सहारनपुर
सहारनपुर में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना बेहट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गौकश घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 15/16 मई 2026 की रात जनता रोड स्थित शाहपुर मोड़ पर थाना बेहट पुलिस संदिग्ध वाहन और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों संदिग्ध बाइक मोड़कर संसारपुर की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। आरोप है कि इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान आसिफ के रूप में हुई है, जो थाना बेहट क्षेत्र के ग्राम खिड़का भटकव्वा का निवासी बताया गया है। पुलिस के मुताबिक उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह गौकशी के मुकदमे में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ गौकशी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत 8 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल के रूप में हुई है, जो बेहट कस्बे के मोहल्ला कस्साबान का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ भी विभिन्न थानों में 4 मुकदमे दर्ज हैं।
मौके से पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर, जिंदा और खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़