संतन दास रिपोर्ट
गरियाबंद/छुरा।
छुरा विकासखंड के ग्राम फुलझर में अवैध महुआ शराब की बिक्री का कारोबार चरम पर है। पुलिस-प्रशासन की निष्क्रियता के चलते गांव के सड़क पारा, बाजार चौक, कमार पारा, बावापारा, खदराही सहित कई स्थानों पर सुबह-शाम खुलेआम शराब बिक रही है।
सड़कों पर लगती है पियक्कड़ों की लाइन
ग्राम के जागरूक युवा योगेश्वर साहू ने बताया कि बुधवार शाम 7 बजे गांव की सड़कों पर शराब पीने वालों की लंबी कतार देखी गई। सड़कों पर जगह-जगह खाली पाउच, प्लास्टिक डिस्पोजल गिलास व शराब की बोतलें बिखरी पड़ी रहती हैं। गांव में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।
महिला-पुरुष दोनों बेच रहे जहरीली शराब
ग्रामीणों के अनुसार अवैध महुआ शराब बनाने में खतरनाक केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो लोगों के स्वास्थ्य के साथ भारी खिलवाड़ है। महिला कमांडो भी इन शराब माफियाओं को पकड़ नहीं पा रही हैं। पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न करने से इनके हौसले बुलंद हैं।
बच्चे भी हो रहे शराब के आदी
सबसे चिंताजनक बात यह है कि गांव में बच्चे से लेकर बड़े तक शराब की लत के शिकार हो रहे हैं। शराब के कारण गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। महिलाएं व ग्रामीण इस अवैध कारोबार से बेहद परेशान हैं।
शासन से लगाई गुहार
ग्राम के युवा योगेश्वर साहू ने समाचार के माध्यम से शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है कि फुलझर में अवैध महुआ शराब की बिक्री पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई कर गांव में शांति का माहौल बहाल किया जाए।