फतेहगंज पश्चिमी।
कस्बे के मोहल्ला लोधीनगर निवासी 10 वर्षीय बालक की शनिवार को नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हल्का लेखपाल की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला लोधीनगर निवासी गीता देवी अपने बेटों सोनू और निगम मौर्य के साथ ठिरिया क्षेत्र में स्थित खेत पर पालेज की फसल देखने गई थीं। खेत के पास बहगुल नदी बह रही थी। इसी दौरान मां से बिना बताए दोनों भाई नदी में नहाने उतर गए। नहाते समय अचानक 10 वर्षीय निगम गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
भाई को डूबता देख बड़े भाई सोनू ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह खुद भी पानी में फंस गया। इसी बीच मौके पर पहुंची मां गीता ने दोनों बेटों को डूबते देखा तो चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने किसी तरह सोनू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन निगम नदी के भंवर में फंस गया।
करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने निगम का शव नदी से बाहर निकाला। मासूम की मौत से पूरे परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि मृतक निगम चार भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। उसके पिता परसाखेड़ा में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली