राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना माधवनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 2 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजा की कीमत करीब 42 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डहेरिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना माधवनगर प्रभारी निरीक्षक संजय दुबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी संजय दुबे पुलिस बल के साथ क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से गश्त एवं धार्मिक स्थलों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम हाईवे पेट्रोलिंग करते हुए पिपरौध के आगे भिटौनी मोड़ स्थित टपरा के पास पहुंची, जहां एक युवक सफेद रंग का थैला लेकर संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर युवक से पूछताछ की, जिसने अपना नाम वीरेन्द्र लुनिया पिता गोविंद प्रसाद लुनिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम भिटौनी थाना माधवनगर जिला कटनी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे थैले से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गवाहों की मौजूदगी में गांजा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध थाना माधवनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सउनि राजेश बागरी, प्रधान आरक्षक शोभनाथ शर्मा, अजित सिंह, आरक्षक नवीन शुक्ला, मणि सिंह एवं विनोद कुमार विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।