शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन लग्जरी कारों से करीब 4 क्विंटल गांजा जब्त किया है जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं, जिसके बाद टीम बनाकर घेराबंदी की गई। जांच के दौरान वाहनों की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह खेप दूसरे राज्य से लाई जा रही थी और इसे मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।