राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
बड़वारा मुख्यालय में पिछले 17 दिनों से जारी युवा कांग्रेस का किसान न्याय सत्याग्रह शनिवार को समाप्त हो गया। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन के समापन अवसर पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अंतिम दिन बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़वारा पहुंचे, जहां केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारेबाजी की गई।
समापन सभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु अंशु मिश्रा ने सरकार पर किसान और युवा विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य और किसानों के अधिकारों के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने हाल ही में हुई NEET परीक्षा रद्द होने की घटना को सरकार की विफलता बताते हुए कहा कि युवा कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
सभा को जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह और पूर्व विधायक बसंत सिंह ने भी संबोधित किया। दोनों नेताओं ने आंदोलन को समर्थन देते हुए किसानों और युवाओं के मुद्दों पर सरकार को घेरा।
‘यूएस ट्रेड डील किसानों पर दोहरी मार’
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल ने केंद्र सरकार की विदेश व्यापार नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रस्तावित ‘यूएस ट्रेड डील’ किसानों की आत्मा पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही खाद, बीज और फसलों के उचित दाम के लिए संघर्ष कर रहा है, ऐसे में यह डील किसानों की मुश्किलें और बढ़ा देगी।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग
मोहम्मद इसराइल ने कहा कि कटनी जिला प्रदेश को सबसे अधिक राजस्व देने वाले क्षेत्रों में शामिल है, लेकिन यहां का युवा रोजगार के लिए पलायन करने को मजबूर है। उन्होंने बड़वारा क्षेत्र में संचालित बिरला व्हाइट सीमेंट और जेके सीमेंट प्लांट प्रबंधन पर स्थानीय युवाओं की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि इन उद्योगों में बाहरी राज्यों के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि क्षेत्रीय युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा मांग पत्र
17 दिवसीय सत्याग्रह के समापन पर युवा कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि यूएस ट्रेड डील को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही बड़वारा क्षेत्र में संचालित बड़ी कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देना अनिवार्य किया जाए। ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि कंपनियों के CSR फंड से क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल और स्कूलों का निर्माण कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व विधायक विजय राघवेंद्र सिंह, पूर्व उमरिया युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंबुज सिंह, प्रदेश सचिव विक्रम प्रताप सिंह, बहोरीबंद विधानसभा युवा अध्यक्ष मुकेश यादव, पूर्व आदिवासी जिला अध्यक्ष रंजीत, जनपद सदस्य सुनील बघेल, NSUI जिला अध्यक्ष शुभम मिश्रा, विकास निगम अध्यक्ष, सचिन गर्ग, दीपक यादव, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह, अंशुल राजपूत, अवध लाल यादव, राहुल चौधरी, परम कॉल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।