फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव बल्लियां में घर में घुसकर महिला व उसके परिवार के साथ मारपीट करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम धमकियां दे रहे हैं और हल्का दरोगा भी आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही डराने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता ने मामले की शिकायत सीओ हाईवे से कर न्याय की गुहार लगाई है।
गांव बल्लियां निवासी गायत्री देवी के अनुसार 14 मई की शाम करीब पौने सात बजे पड़ोसी ओमकार, बब्लू, मोहनलाल और घासेराम अचानक उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में गायत्री देवी, उनके पति दयाराम और बेटी रेखा घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता के सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस और थाना पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी।
पीड़िता गायत्री देवी का आरोप है कि हल्का दरोगा आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय उन्हें ही धमका रहे हैं, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं। उन्होंने सीओ हाईवे से निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जा चुकी है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली