फतेहगंज पश्चिमी।
शादी समारोह में शामिल होने गए युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के कारण पुलिस भी उलझन में है। विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है, जबकि पुलिस अधिकारियों से सलाह लेकर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
थाना भोजीपुरा क्षेत्र के गांव मुड़िया चेतराम निवासी आदेश यादव (50) परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी में कार्यरत थे। बताया जाता है कि बृहस्पतिवार रात वह अपने सहकर्मी की बहन के शादी समारोह में शामिल होने फतेहगंज पश्चिमी स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आए थे।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह तक आदेश यादव घर नहीं लौटे तो उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार शाम उनका शव गांव मढ़ौली से शंखा पुल जाने वाले रास्ते पर पड़ा मिला। शव मिट्टी में सना हुआ था और घटनास्थल की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो मृतक ने बचने के लिए संघर्ष किया हो। हालांकि शरीर पर किसी प्रकार के चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले।
सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट टीम ने मौके पर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन भी किसी प्रकार की रंजिश या विवाद की जानकारी नहीं दे सके हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर डॉक्टरों ने विसरा सुरक्षित कर लिया है। इससे युवक की मौत अब रहस्य बन गई है और पुलिस भी रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर असमंजस में है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। विसरा जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों से सलाह लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली