शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जिले के इटवा तहसील क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय महुई में नवनिर्मित अतिरिक्त कक्षा कक्ष के उद्घाटन अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी उपस्थित रहे। उनके विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुति की मुख्य अतिथि ने भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अभय कुमार पांडेय ने मुख्य अतिथि डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी तथा विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी खुनियांव महेंद्र कुमार को बुके, शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने विद्यालय के मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार करना सरकार की प्राथमिकता है तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वारा नवनिर्मित अतिरिक्त कक्षा कक्ष का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। नए कक्षा कक्ष के निर्माण से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर शिक्षकगण, अभिभावक, क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।