रिपोर्टर : ज़ाकिर ज़ंकार : आहवा डांग
डांग जिले के आहवा तालुका अंतर्गत मालेगांव (सापुतारा) में दिनांक 20/05/2026 को जगद्गुरु रामानंदाचार्य नरेंद्राचार्य के रामानंद संप्रदाय डांग द्वारा भव्य संतसंग केंद्र में प्रबोधन एवं प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में डांग जिले के तीनों तालुकाओं सहित महाराष्ट्र के सुरगाणा तालुका से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पालखी यात्रा, हरिपाठ, आरती एवं महाप्रसाद का लाभ लिया। पूरा आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर जगद्गुरु नरेंद्र महाराज संस्थान के प्रबोधनकार “कालिदास उराडे” ने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया। अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है।” उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा समाज सेवा के लिए 41 प्रकार की सामाजिक सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ हजारों लोग ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संस्थान व्यसनमुक्ति अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, देहदान, अंगदान, दुर्घटना के समय निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा, बाढ़ राहत, प्राकृतिक आपदा सहायता, स्वच्छता अभियान तथा “ब्लड एड नीड” जैसी सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज सेवा कर रहा है। साथ ही संस्कृति और धर्म की रक्षा एवं संरक्षण का कार्य भी निरंतर किया जा रहा है।
आध्यात्मिक मार्गदर्शन देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कम से कम 10 मिनट भक्ति करनी चाहिए और सपने में भी किसी का बुरा नहीं सोचना चाहिए। उन्होंने जगद्गुरु श्री के परोपकारी मंत्र — “आप जियो और दूसरों को जीने में सहायता करो” — का पालन करने का संदेश देते हुए स्वयं तथा समाज के कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मंत्रमुग्ध होकर प्रवचन का लाभ लिया और स्वयं को धन्य महसूस किया। आहवा डांग से रिपोर्टर जाकिर झंकार की खास रिपोर्ट