आंवला (बरेली)।
अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम खैलम देह जागीर में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। दबंगों ने घर में अकेली महिला पर धारदार औजार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर आए ग्रामीणों को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अकेली देख पड़ोसियों ने बोला हमला
गांव खैलम देह जागीर निवासी यासमीन पत्नी शकील अहमद ने बताया कि उनके पति बाहर काम करते हैं और वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि 17 मई की शाम करीब 7 बजे पुरानी रंजिश को लेकर उनके पड़ोसी और उसकी पत्नी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
औजार से फोड़ा सिर, मची चीख-पुकार
पीड़िता के अनुसार, हमलावरों ने किसी भारी औजार से उनके सिर पर वार किया, जिससे सिर फट गया। इसके अलावा उनके पेट में भी गंभीर घाव आए हैं। यासमीन की चीख-पुकार सुनकर गांव की रवीना पत्नी राशिद व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। भीड़ को आता देख आरोपी वहां से भाग निकले।
”महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
— जगत सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक, अलीगंज
इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर
आंवला जिला बरेली
उत्तर प्रदेश