फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव सोरहा निवासी एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार गांव सोरहा निवासी 20 वर्षीय कृष्णपाल बृहस्पतिवार देर शाम अपने एक साथी के साथ बाइक से रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने जादोपुर जा रहे थे। बताया जाता है कि थाना भोजीपुरा क्षेत्र में धौराटांडा से नैनीताल हाईवे जाने वाले मार्ग पर स्थित एक राइस मिल के पास तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से बरेली के एक निजी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने कृष्णपाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसका साथी घायल अवस्था में उपचाराधीन है।
भोजीपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार दोपहर बाद जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक अविवाहित था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि हादसे के समय कृष्णपाल ने हेलमेट नहीं पहना था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार ट्रक की तलाश में जुटी हुई है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली