संवाददाता प्रवन पाण्डेय इण्डियन टीवी न्यूज बरेली
फतेहगंज पश्चिमी में पुलिस ने स्मैक तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की बात सामने आ रही है। देखिए ये खास रिपोर्ट—
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत फतेहगंज पश्चिमी पुलिस को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने कस्बा क्षेत्र के एक यात्री शेड के पास छापेमारी कर दो स्मैक तस्करों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कासिम और जनीर अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 35 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी लंबे समय से स्मैक तस्करी के धंधे में शामिल थे।
पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। बताया जा रहा है कि स्मैक को सस्ते दामों में खरीदकर युवाओं को ऊंचे दामों में बेचा जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद इलाके में नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।