फतेहगंज पश्चिमी।
नेशनल हाईवे पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बाइक सवार चार युवकों ने एक मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) को बीच सड़क रोककर गाली-गलौज और हाथापाई कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थाना प्रेमनगर क्षेत्र निवासी हर्ष रंजन ने बताया कि वह एक दवा कंपनी में एमआर हैं। शनिवार को वह फतेहगंज पश्चिमी से बाइक द्वारा सीबीगंज जा रहे थे। आरोप है कि झुमका तिराहे से पहले पीछे से आए एक बाइक पर सवार चार युवक नशे की हालत में उनके साथ अभद्रता करने लगे। पहले युवकों ने गाली-गलौज की और विरोध करने पर उनकी बाइक के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया।
पीड़ित का आरोप है कि दबंग युवकों ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। हाईवे पर हो रहे हंगामे को देखकर आसपास के राहगीर मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद दहशत में आए हर्ष रंजन ने स्थानीय थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले को लेकर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एसएसआई अशोक कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली