राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ढीमरखेड़ा पुलिस ने वन विभाग की संपत्ति चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई फेंसिंग जाली एवं दो मोटरसाइकिलें जब्त कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 21 मई 2026 की रात लगभग 1 बजे वन विभाग के बीट प्रभारी अंकित गौतम द्वारा सूचना दी गई कि ग्राम खिरवा पोड़ी स्थित वन कक्ष पीएफ 297 एनपीबी में लगी फेंसिंग जाली कुछ लोगों द्वारा चोरी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम एवं वन अमला मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर चार आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप यादव (27 वर्ष), उमाकांत यादव (31 वर्ष), राजकुमार यादव (35 वर्ष) एवं सुरेश प्रसाद यादव (52 वर्ष), सभी निवासी ग्राम खिरवा पोड़ी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से फेंसिंग जाली के दो बंडल कीमत लगभग 10 हजार रुपये तथा दो मोटरसाइकिलें कीमत करीब 55 हजार रुपये जब्त की हैं।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, उपनिरीक्षक सुरेश चौधरी, आरक्षक कमोद कोल एवं आरक्षक अजय धुर्वे की विशेष भूमिका रही।