राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
शहर के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में शुमार बिलैया तलैया सब्जी मंडी गुरुवार को उस वक्त दहशत में बदल गई, जब पैसों के लेन-देन के विवाद में एक युवक पर सरेआम चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज कुछ घंटों के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को जिला अस्पताल से कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गिरजा घाट निवासी प्रशांत सोनी गंभीर हालत में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल युवक के बयान दर्ज किए।
घायल प्रशांत सोनी ने पुलिस को बताया कि उसका अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया से लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। वह अपना पैसा लेने बिलैया तलैया सब्जी मंडी पहुंचा था, जहां पहले से लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया, राज उर्फ प्यारे चौरसिया, शुभम उर्फ चुन्नू और एक अन्य नाबालिग मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए प्रशांत पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में प्रशांत सोनी की पीठ, कमर और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं। आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से भी मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 495/26 के तहत धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी प्रसाद उर्फ बुच्चड़ चौरसिया (59) निवासी बिलैया सब्जी मंडी, राज उर्फ प्यारे चौरसिया (21) निवासी गांधीगंज, अभिलाष उर्फ अब्बू चौरसिया (27) निवासी बिलैया सब्जी मंडी, शुभम उर्फ चुन्नू चौरसिया (26) निवासी बिलैया सब्जी मंडी तथा एक 16 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक शामिल है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। थाना प्रभारी राखी पाण्डेय ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह खूनी वारदात हुई।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सउनि रामेश्वर प्रसाद पटेल, प्रधान आरक्षक अखण्ड प्रताप, वीरेन्द्र तिवारी, वीरेन्द्र सिंह, अनिल सेंगर, पुष्पराज सिंह, नीरज तिवारी, आरक्षक अजय प्रताप, अमित सिंह, उपेन्द्र सिंह, दीपक तिवारी, अजीत सिंह, अभिषेक राय, अनिल गौतम, अमरजीत सिंह, मंसूर हुसैन, दिनेश सेन एवं चालक विकास राय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।