राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले के थाना स्लीमनाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धुरी-बंधी स्थित गहरी खदान में युवक के डूबने की सूचना से प्रशासनिक अमला देर रात तक सक्रिय रहा। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर आशीष तिवारी ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए एसडीईआरएफ और पुलिस टीम को मौके पर रवाना करने के निर्देश दिए। प्रशासन की निगरानी में रातभर रेस्क्यू अभियान जारी रहा।
कलेक्टर के निर्देश पर प्लाटून कमांडर श्वेता गुप्ता के नेतृत्व में चार सदस्यीय एसडीईआरएफ दल अत्याधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पहुंचा। स्थानीय पुलिस बल ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और समन्वय की जिम्मेदारी संभाली।
बताया जा रहा है कि खदान की गहराई जमीन स्तर से लगभग 100 फीट नीचे है, जिससे रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बन गया। संकरी जगह, अंधेरा और रात का समय राहत कार्य में बाधा बन रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद एसडीईआरएफ की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ युवक की तलाश में जुटी रही।
डूबे युवक की पहचान ग्राम धुरी निवासी दुर्गेश कुशवाहा पिता प्रताप कुशवाहा, उम्र लगभग 26 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में चिंता और तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन द्वारा लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है और रेस्क्यू ऑपरेशन को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा ।