राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
रीवा में जैन समाज की दो माताजी के साथ हुई घटना के विरोध में,कटनी में रविवार को व्यापक आक्रोश देखने को मिला। जैन समाज ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया और शाम होते ही शहर की सड़कों पर विशाल मौन जुलूस निकालकर घटना के खिलाफ आवाज बुलंद की।
मौन जुलूस में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं की बड़ी संख्या शामिल रही। समाजजन हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तथा जैन संत समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे थे। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कोतवाली थाना पहुंचा, जहां प्रदर्शन धरने में बदल गया।
कोतवाली थाना परिसर के बाहर धरने पर बैठे समाज के लोगों ने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वे अपनी बात सीधे कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखना चाहते हैं। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और समाजजनों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन समाज के लोग कलेक्टर और एसपी से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे।
धरना स्थल पर मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य भी पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने समाज की मांगों का समर्थन करते हुए प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
पूरे प्रदर्शन के दौरान कोतवाली क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बनी रही। जैन समाज ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।