राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एनकेजे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सक्रिय ड्रग कार्टेल नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों को उड़ीसा राज्य के बरगढ़ और बौध जिले से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष डेहरिया एवं डीएसपी रत्नेश मिश्रा के निर्देशन में थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार 14 मई 2026 को ग्राम हिरवारा स्थित पनहा तालाब के पास से दमोह निवासी रणजीत सिंह और दीपक लोधी को 16 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा के मामू उर्फ पंकज मेहर और प्रियवर्धन भोई से गांजा खरीदने की जानकारी दी। पुलिस ने मोबाइल नंबरों और साइबर सेल की मदद से नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को उड़ीसा से गिरफ्तार कर कटनी लाया।
गिरफ्तार आरोपियों में मामू उर्फ पंकज मेहर निवासी बरगढ़ और प्रियवर्धन भोई निवासी बौध, उड़ीसा शामिल हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में गांजा सप्लाई नेटवर्क और अन्य जुड़े लोगों से पूछताछ जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी रूपेंद्र राजपूत, उपनिरीक्षक सुयश पाण्डेय, नरेश झारिया सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।