बालेश्वर जिले के जलेश्वर थाना अंतर्गत पश्चिमवार्ड मार्केट में देर रात भीषण आग लगने से 25 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। इस आगजनी में 5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर खाक हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही ओडिशा अग्निशमन सेवा की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास जारी रखा।
बताया जा रहा है कि पश्चिमवार्ड मार्केट में करीब 200 से अधिक दुकानें हैं। रोज की तरह बीती रात भी दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। देर रात अचानक एक दुकान में आग लग गई, जिसके बाद आग तेजी से फैलते हुए एक के बाद एक कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
स्थानीय लोगों ने दुकानों को धू-धू कर जलते देख तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी। अग्निशमन विभाग की दो टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक 25 से अधिक दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं।
दुकानों में रखा सामान और नकदी भी आग में जलकर नष्ट हो गई। इस घटना के बाद प्रभावित दुकानदार पूरी तरह से सर्वस्व खो चुके हैं और अब अपने परिवार के भरण-पोषण को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है।
वहीं ओडिशा पुलिस की जलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंचकर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।