फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव रसूला चौधरी में पुलिस पर रिश्वतखोरी और दबंगई के गंभीर आरोप लगने से हड़कंप मच गया है। एक विधवा महिला ने दरोगा पर उसके बेटे को थाने से छोड़ने के बदले 45 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की है। इतना ही नहीं, महिला ने दरोगा के करीबी बताए जा रहे दो लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
पीड़िता कैलाशो देवी का कहना है कि उसके देवर द्वारा दिए गए कथित फर्जी शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने उसके बेटे रोहित को उठाकर थाने में बैठा लिया था। आरोप है कि चार दिन तक थाने में रखने के बाद दरोगा ने महिला को डराया-धमकाया और गांव के ही एक पुरुष व महिला के जरिए 45 हजार रुपये लेकर समझौता कराते हुए बेटे को छोड़ा।
विधवा महिला का आरोप है कि जब उसने 45 हजार रुपये लेने की चर्चा की। तो दरोगा के करीबी बताए जा रहे दोनों लोग उसके घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य से शिकायत की है।
मामले ने अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना लिया है। ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
उधर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि फिलहाल उनके पास इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली